वर्षा ने दी उमस से राहत, धान के लिए बनी संजीवनी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कई दिनों के इंतजार के बाद मंगलवार को जिले के लगभग सभी क्षेत्रों में इंद्रदेव मेहरबान दिखे। वैसे तो कई दिनों से वर्षा दस्तक दे रही थी, लेकिन शहरी क्षेत्र में चंद मिनटों के बाद धूप परेशानी का सबब बन रही थी। इस बीच मंगलवार को रुक-रुककर वर्षा से सभी के चेहरे खिल उठे। बारिश से जहां उमसभरी गर्मी से सभी को राहत मिली, वहीं धान की फसल के लिए संजीवनी साबित हुई।
शहरी क्षेत्र में उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की, तो वहीं अन्नदाताओं के चेहरे पर भी मुस्कान लौट आई। सुबह ही भींगते हुए खेतों के मेड़ की निगरानी करने निकल गए कि कहीं मेड़ क्षतिग्रस्त हुआ, तो पानी खेतों से बाहर निकल जाएगा। कारण कि वर्षा की एक-एक बूंद खासतौर से धान की फसल के लिए संजीवनी थी। वहीं शहरी क्षेत्र में नगर पालिका के जलनिकासी की पोल खुलती नजर आई। सड़क की पटरियों से लेकर गड्ढों तक में पानी भर गया। वह इलाके भी इससे अछूते नहीं रहे, जहां के आसपास सरकारी दफ्तर हैं। दूसरी ओर सुबह से हो रही वर्षा ने फसलों की हरियाली लौटा दी, जिसे देख किसानों के चेहरे भी खिल उठे। पानी के अभाव में धान, गन्ना आदि की फसलें सूख रहीं थीं। किसान फसलों की सिंचाई को लेकर चिंतित थे, लेकिन भगवान ने उनकी मुराद पूरी कर दी। किसान कंचनपुर के झब्बू सिंह, इंद्रमणि प्रजापति आदि ने कहा बारिश का पानी फसलों के लिए अमृत के समान है। अब फसलों में खाद डालने की तैयारी कर रहे हैं। भोर में पांच बजे से रिमझिम वर्षा की शुरुआत होते ही क्षेत्र के किसान ईश्वर को प्रणाम करते दिखे। बताया कि एक घंटा ही सही, लेकिन ठीक से वर्षा हो जाए, तो फसलें लहलहा जाएंगी और उपज भी संतोषजनक हो जाएगी। फिलहाल जो किसान विद्युत चालित यंत्रों, डीजल पंपिंग सेटों से खेतों की सिंचाई कर रहे थे, उन्हें काफी फायदा हो गया। जहां डीजल के पैसे बच गए, वहीं धान की फसल में उर्वरक डालने में आसानी होगी। इतनी ही वर्षा फसलों के लिए अमृत के समान है। अब थोड़ा उर्वरक डाल देंगे, तो फसलों में हरियाली के साथ पौधों का विकास शुरू हो जाएगा।
इनसेट—
तापमान तीन से पांच डिग्री लुढ़का

आजमगढ़। सुबह से शाम तक रुक-रुककर हुई वर्षा से तापमान में भी काफी गिरावट महसूस हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता औसत 92 प्रतिशत रही, तो वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 23 प्रतिशत तथा आर्द्रता औसत 94 प्रतिशत रिकार्ड की गई।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *