संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरायमीर थाना क्षेत्र के पूना पोखर बाजार स्थित मां सर्वेश्वरी जच्चा बच्चा केंद्र पर झोलाछाप डा.अंगद पाल द्वारा प्रसूता का गलत तरीके से ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए स्वजनों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया था। मौके पर पुलिस भी आई किसी तरह से मामले को शांत कराई। पीड़िता के भाई सुनील कुमार ने थाना प्रभारी सरायमीर सहित डीआईजी, एसपी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के यहां न्याय की गुहार लगायी। अंत में निराश होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग किया है।
सुनील कुमार का आरोप है कि मेरी बहन के पेट में बच्चा पल रहा था। 12 फरवरी को बहन को रात में पेट में दर्द होने पर पूनापोखर स्थित मां सर्वेश्वरी जच्चा बच्चा केंद्र पर ले गए जहां पर डाक्टर अंगद पाल व उनके सहयोगी रेनू विश्वकर्मा ने मरीज को भर्ती कर लिया। डा.अंगद पाल द्वारा बताया गया कि पेट के अंदर लड़के की कंडीशन ठीक नहीं है यदि ऑपरेशन नहीं होगा तो जच्चा बच्चा दोनों के लिए खतरा है। डा. अंगद पाल ने ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन करने के बाद उन्होंने कहा कि मरीज को खून चढ़ाने की सख्त आवश्यकता है। मेरे ही एक रिश्तेदार का खून उतार कर बिना चेकअप किए ही मरीज को चढ़ा दिया गया। खून चढ़ते ही मरीज की हालत बिगड़ने लगी। मरीज की हालत बिगड़ती देख अस्पताल से अंगद पाल भाग निकले। हम लोगों द्वारा बनारस के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जांच में पता चला कि गलत तरीके से ऑपरेशन व खून चढ़ जाने के कारण मरीज की दोनों किडनी फेल हो चुकी है।
इस संबंध में मिर्जापुर मुख्य चिकित्सा प्रभारी डा.प्रवीण कुमार चौधरी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश का इंतजार है। अभियान चलाकर जितने भी झोलाछाप हैं, सबके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-राहुल यादव