राज्य सम्मान से नवाजी गयी पुष्पा प्रजापति

शेयर करे

निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद की विश्व प्रसिद्ध काली मिट्टी के बर्तनों की कला को आगे बढ़ाने वाली महिला उद्यमी पुष्पा प्रजापति को राज्य सम्मान से नवाजा गया है।
निजामाबाद कस्बा निवासी पुष्पा प्रजापति, पत्नी बैजनाथ प्रजापति, को उनके उत्कृष्ट हस्तशिल्प कार्य के लिए राज्य पुरस्कार विशिष्ट हस्तशिल्प प्रादेशिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रविवार को कानपुर स्थित चंद्र शेखर आजाद यूनिर्वसिटी ऑफ एग्रीकल्चर और टेक्नोलॉजी में उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया गया।
प्रदेश के उद्योग मंत्री राकेश सचान ने पुष्पा प्रजापति को 35 हजार रुपये का चेक, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। पुष्पा प्रजापति लंबे समय से निजामाबाद की विश्व विख्यात काली मिट्टी से बने पारंपरिक बर्तनों और सजावटी वस्तुओं के निर्माण से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अपने हुनर और मेहनत के दम पर इस पारंपरिक कला को नई पहचान दिलाने का काम किया है।
फोन पर बातचीत के दौरान पुष्पा प्रजापति ने बताया कि उन्हें वर्ष 2024 में भी राज्य स्तरीय पुरस्कार मिल चुका है और इस तरह का सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा परिवार दिन-रात मेहनत कर मिट्टी के बर्तन और कलात्मक वस्तुएं तैयार करता है, जिससे इस पारंपरिक कला को जीवित रखा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति बैजनाथ प्रजापति को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 2024 में सम्मानित किया जा चुका है। आज उनके राज्य पुरस्कार मिलने की जानकारी मिलते ही उनके घर निजामाबाद में लोग पहुंच कर बधाई दे रहे हैं और उनके परिवार और मुहल्ले के लोग उनके आने पर स्वागत की तैयारी कर रहे हैं।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *