आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लहरपार निवासिनी एक महिला ने गांव के प्रधान पति पर राजस्व विभाग की मिली भगत से जबरिया जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगायी है।
उक्त गांव निवासिनी शंकरदेई पत्नी स्व.रब्बा यादव ने डीएम को दिये गये प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि प्रधानपति वीरेंद्र सिंह पुत्र कामता सिंह उसे बार-बार तंग व परेशान करता है। प्रार्थिनी की गाटा संख्या-396 की पैमाइस के लिए एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके लिए लेखपाल व कानूनगो पैमाइश के लिए गये और प्रथम बार में सही पैमाइश की। परंतु बाद मंे प्रधान पति की साजिश में आकर पुनः गलत पैमाइश कर दी। उसके बाद प्रधानपति वीरेंद्र सिंह अपने बेटे अनिल सिंह व सहयोगी श्याम सुन्दर यादव, लाल बहादुर यादव, देवनरायन यादव के साथ ट्रैक्टर बुलवाकर पुलिस प्रशासन के सहयोग से उक्त लोगों की मौजूदगी में ही मेरी गेहूं की खड़ी फसल को जोतकर बर्बाद कर दिया तथा लगभग दो वर्ष पूर्व लगे आम व सफेदे के पेड़ को कटवा कर तुरंत दबंगई के बल पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया। पीड़िता ने बताया कि थानाध्यक्ष व एसडीएम को स्थगन आदेश की प्रति देकर अवगत कराया गया लेकिन न तो निर्माण कार्य पर रोक लगायी जा रही है और न ही प्रशासन द्वारा सही पैमाईश ही करवायी जा रही है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से पुनः सही पैमाईश करनवाने की गुहार लगायी है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार