लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लालगंज विकास खण्ड की दो महिला ग्राम प्रधानों की मृत्यु के बाद मंगलवार को उपचुनाव होगा। चेवार पश्चिम और कस्बा देवगांव की दो महिला प्रधानों की मृत्यु के बाद खाली हुई सीटों के लिए नामांकन पत्रों का वितरण 18 जुलाई को शुरू हुआ। नामांकन पत्र 22 जुलाई को जमा किये गये तथा 23 जुलाई को नामांकन पत्र वापस ले लिये गये थे। चुनाव चिन्ह 24 जुलाई को आवंटित किए गए। इसी क्रम में मतदान 6 अगस्त को जबकि वोटों की गिनती 8 अगस्त को होनी है।
कस्बा देवगांव की प्रधान सुफियाना पत्नी अनीस कुरैशी की मौत के बाद इस उपचुनाव में हालांकि अभी एक साल से कुछ अधिक का ही समय शेष बचा है, लेकिन इस उपचुनाव में यहां तीन लोग अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस सामान्य सीट से जहां मृतका के पति अनीस कुरैशी खुद चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं दो अन्य प्रत्याशी अनिल गुप्ता और जीत नारायण मौर्य भी मैदान में हैं।
इसी तरह चेवार पश्चिम में सुशीला पत्नी रामफेर की मृत्यु के बाद महिलाओं के लिए आरक्षित इस सीट पर भी चुनाव होगा। जहां मृतका की पुत्री और पूर्व प्रत्याशी के मध्य सीधा मुकाबला होगा। दोनों स्थानों पर चुनाव के लिए सोमवार की शाम पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच जाएंगी। सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद