पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज स्थित रामसमुझ इंडियन एलपीजी गैस कार्यालय पर इन दिनों उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बढ़ती भीड़ और उपभोक्ताओं की चिंता को देखते हुए जब एजेंसी संचालक प्रमोद यादव से बातचीत की गई, तो उन्होंने स्थिति को स्पष्ट करते हुए लोगों से धैर्य और जागरूकता बनाए रखने की अपील की।
प्रमोद यादव ने बताया कि एजेंसी पर प्रतिदिन इंडियन कंपनी की दो गाड़ियां आ रही हैं, जिनमें लगभग 700 से 800 गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं। इन सिलेंडरों का वितरण कार्यालय, गोदाम और क्षेत्र में भेजी जा रही गाड़ियों के माध्यम से नियमित रूप से किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि किसी भी उपभोक्ता के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है, बल्कि कंपनी के नियमों का पूरी पारदर्शिता के साथ पालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सबसे बड़ी समस्या डीओसी (क्मसपअमतल व्तकमत ब्वदपितउंजपवद) नंबर को लेकर है। बिना डीओसी नंबर के किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर देना संभव नहीं है। उपभोक्ता जब अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ऑनलाइन बुकिंग करता है, तो 24 घंटे के भीतर उसे डीओसी नंबर प्राप्त होता है। उसी नंबर को दिखाने पर तुरंत सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाता है।
एजेंसी संचालक ने क्षेत्र में फैल रही कालाबाजारी की अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी के सख्त नियमों के चलते बिना डीओसी नंबर के सिलेंडर देना संभव ही नहीं है, ऐसे में ब्लैक मार्केटिंग जैसी बातें महज भ्रम फैलाने का प्रयास हैं।
उन्होंने अपील की कि उपभोक्ता अनावश्यक भीड़ न लगाएं और जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करें। एजेंसी हर पात्र उपभोक्ता को नियमानुसार समय पर सिलेंडर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट-बबलू राय