फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुदनीपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में केबल फाल्ट के चलते बुधवार 12 बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित है। जिसके चलते लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय इंजीनियर फाल्ट सही करने में असफल रहे। जिले की टीम को फाल्ट सही करने के लिए बुलाया गया है।
सुदनीपुर उपकेंद्र पर तीन फीडर संचालित हैं जिसमें फूलपुर तहसील, कस्बा और कनेरी फीडर शामिल हैं। बुधवार दोपहर में केबल फाल्ट हो गयी। स्थानीय अभियंता और अवर अभियंता बुधवार से ही फाल्ट सही करने में लगे रहे। लेकिन इन्हें सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह जिले की टीम मौके पर पहुंची। जिले की टीम ऊदपुर सहित कई जगहों पर चेकिंग कर फाल्ट का पता लगाने में लगी रही। इंजीनियरों की असफलता से लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल रही है। सबसे अधिक समस्या फूलपुर कस्बा के लोगों को हो रही है। बिना विद्युत आपूर्ति के जलापूर्ति भी नहीं हो पा रही है। बोर्ड की परीक्षा देने वाले छात्र छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत फूलपुर केके वर्मा से सम्पर्क करने की कोशिश की गई तो बामुश्किल फोन उठा तो बोले अभी चलकर देख रहा हूं क्या दिक्कत है। वहीं उपखण्ड अधिकारी भूप सिह ने बताया रात्रि एक बजे तक चेकिंग की जा रही थी जिसकी वजह से फोन नहीं उठा फाल्ट न मिलने पर मुख्यालय से टीम बुलाई गई है। फाल्ट ठीक करा कर जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय