विरासत में सत्ता मिल सकती है, बुद्धि नहीं: ओमप्रकाश राजभर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय निरीक्षण भवन में शनिवार को पंचायती राज मंत्री व सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कई मुद्दों पर सपा सरकार के कार्यकाल और वर्तमान सरकार की नीतियों की तुलना की।
राजभर ने अखिलेश यादव के ‘संविधान बचाओ’ अभियान पर पलटवार करते हुए कहा कि संविधान पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का ‘पीडीए’ फॉर्मूला दरअसल ‘पिछड़ा-दलित मारो अभियान’ है। सपा सत्ता के लिए समाज को गुमराह कर रही है।
उन्होंने सपा सरकार के दौरान हुए एम्बुलेंस, खनन और गोमती रिवर फ्रंट घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में तेजी से विकास कार्य कर रही है। प्रदेश में 22 एक्सप्रेस-वे का निर्माण हो रहा है, जबकि पूर्व सरकार में यह संख्या बेहद कम थी। जेवर एयरपोर्ट परियोजना को भी उन्होंने प्रदेश के विकास की बड़ी उपलब्धि बताया।
श्री राजभर ने अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें सत्ता विरासत में मिली है, लेकिन दूरदर्शिता की कमी है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसी तस्वीरें हैं, जिनमें अखिलेश यादव शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं।
महंगाई के सवाल पर कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर बेहतर हुआ है। बड़ी संख्या में घरों में वाहन पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि गेहूं के दाम में वृद्धि हुई है और आलू की रिकॉर्ड पैदावार सरकार की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में दंगों की घटनाएं आम थीं, जबकि वर्तमान में प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी भाजपा गठबंधन ही सत्ता में लौटेगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *