फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उच्च न्यायलय के आदेश पर वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फूलपुर तहसील परिसर में पोर्टा केबिन की स्थापना हुई है। हालांकि अभी इसे सुविधाओं से लैश किया जाना बाकी है। दो दिन पहले हुई हल्की वर्षा से आसपास गंदा पानी जमा हो गया। यही हाल रहा तो वर्षा में यह केबिन पानी में डूबी रहेगी।
फूलपुर तहसील परिसर स्थित सीओ ऑफिस के बगल ही ग्राम न्यायालय फूलपुर भी संचालित है। न्यायालय संबंधी ऑनलाइन कागजातों को संरक्षित करने सहित वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान करने के लिए न्यायलय के ठीक सामने पोर्टा केबिन की स्थापना की प्रक्रिया गतिमान है। जिस स्थान पर पोर्टा केबिन की स्थापना की जा रही है वहां पर हल्की वर्षा के बाद ही काफी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। अधिक वर्षा होने पर हप्तों उस स्थान पर भारी मात्रा में पानी लगा रहता है। पानी लगने पर पोर्टा केबिन तक पहुंचना कठिन हो जाएगा। दो दिन पहले हुई हल्की वर्षा के बाद से पोर्टा केबिन के आसपास पानी में कूड़ा सड़ रहा है। जिससे बदबू निकलना शुरू हो गयी है। ग्राम न्यायालय में अपने काम से आने वाले वादकारियों को यह कहते सुना जा रहा है कि जब थोड़ी से वर्षा में यह हाल है तो अधिक वर्षा में क्या हाल होगा। ग्राम न्यायालय के वरिष्ठ लिपिक सुधाकर यादव ने बताया कि पोर्टा केबिन की स्थापना वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए की जा रही है। जल्द ही पोर्टा केबिन के माध्यम से सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय