माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर की पुलिस चौकी पर थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्र ने अम्बेडकर जयंती के अवसर पर शांति और सुरक्षा के दृष्टिगत एक आपात बैठक आहूत किया। जिसमें जयंती के आयोजकों के साथ ही साथ क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
अहरौला थाना क्षेत्र में 42 स्थानों पर अम्बेडकर जयंती आयोजित होती है। इसमें नगर पंचायत माहुल प्रमुख है। जिसमें आसपास के गांवों के साथ ही साथ अन्य जनपदों के लगभग 5000 से अधिक लोग यहां के पवई रोड स्थित प्रतिमा के पास इकट्ठा होते है और गाजेबाजे के साथ जलूस निकाला जाता है जो पूरे नगर में भ्रमण करता है।
थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्र ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से हर अम्बेडकर प्रतिमा के आसपास दो दिन के लिए पुलिस की तैनाती की गई है। माहुल नगर में दो प्लाटून पीएसी बल के साथ ही साथ 100 से अधिक उपनिरीक्षक और महिला और पुरुष पुलिस बल तैनात रहेगा। चौराहों और तिराहों पर पुलिस विशेष निगरानी रखेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ ही साथ नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वे जयंती समारोह में शांति और सुरक्षा स्थापित करें। जो भी उपद्रवी तत्व होंगे पुलिस उनपर कठोर कार्यवाही करेगी। किसी भी घर या वाहन पर जबरदस्ती झंडा न लगाया जाय और न ही अश्लील गाने ही बजाए जाय। यदि ऐसा होता है तो पुलिस कानूनी कार्यवाही में कोताही नहीं करेगी।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल, उपनिरीक्षक श्याम कुमार दुबे, कैलाश कुमार गौतम, सोनू कुमार, गुलशन कुमार, मिथुन, राहुल, प्रहलाद गौतम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह