आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सोमवार को पुलिस ने शहर के आसिफगंज स्थित काजी गन हाउस पर उसके संचालक मोहम्मद अरशद काजी को लेकर एटीएस और जिले की पुलिस पहुंची। दुकान में लगाए गए सीलबंद तालों को खुलवा कर जांच टीम ने शस्त्रों से संबंधित सारे अभिलेखों को खंगाला। दुकान में रखे असलहों और कारतूसों के बारे में जांच-पड़ताल की।
इस संबंध में एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जांच में जो भी बातें सामने आएंगी उसको विवेचना में शामिल किया जाएगा। रविवार को एटीएस और आजमगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में काजी गन हाउस के संचालक मोहम्मद अरशद काजी को मंदुरी के पास से गिरफ्तार किया गया था। बीते 28 अक्टूबर को एटीएस और जनपद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिलरियागंज थाना क्षेत्र में अवैध असलहों का जखीरा बरामद किया गया था। जिसमें पकड़े गए लोगों ने मोहम्मद काजी अरशद की मुख्य अभियुक्त बताया था। नाम सामने आते ही शहर के आसिफगंज मुहल्ले में स्थित काजी गन हाउस का संचालक मोहम्मद अरशद काजी फरार हो गया था। फरार चल रहे शस्त्र विक्रेता की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने 25 हजार तथा डीआईजी ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। रविवार को पुलिस ने उसे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मंदुरी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार