साइबर ठगी पीड़ितों को 16,500 रुपये पुलिस ने कराए वापस

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने साइबर ठगी और गलत ऑनलाइन भुगतान के दो मामलों में कुल 16,500 रुपये पीड़ितों को वापस कराए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में राहत और विश्वास का माहौल बना है।
29 अप्रैल 2025 को कबीरुद्दीनपुर निवासी उमाकान्त द्वारा ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर 10,000 रुपये की साइबर ठगी किए जाने के संबंध में थाना अतरौलिया पर साइबर शिकायत दर्ज कराई गई थी। साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक यादव एवं कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष कुमार द्वारा बैंक से समन्वय स्थापित कर शिकायतकर्ता की पत्नी सरिता देवी को 9,000 रुपये की धनराशि सफलता पूर्वक वापस कराई गई।
इसी क्रम में 10 अप्रैल 2025 को लोहरा गांव निवासी दिनेश यादव पुत्र दयाराम यादव द्वारा 7,500 रुपये का गलत ऑनलाइन भुगतान हो जाने के संबंध में साइबर शिकायत पंजीकृत कराई गई थी। इस मामले में भी साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पूरी 7,500 रुपये की धनराशि आवेदक को वापस करा दी।
इन दोनों मामलों में साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक यादव तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए आशीष कुमार की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि समय पर की गई साइबर शिकायत पीड़ितों को आर्थिक नुकसान से बचा सकती है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या गलत ऑनलाइन लेन-देन की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने अथवा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *