अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतरौलिया थाने की पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के चलते साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को उसकी पूरी रकम 92,240 वापस दिला दी गई।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गोरहरपुर निवासी मनोज कुमार सिंह का बीते 24 अक्तूबर 2025 को उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था। फोन गुम होने के बाद अज्ञात साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर 92,240 निकाल लिए। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल स्थानीय पुलिस और साइबर हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अतरौलिया पुलिस सक्रिय हो गई। साइबर हेल्पडेस्क के प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक यादव ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क स्थापित किया। न्यायालय से प्राप्त ‘फंड रिलीज ऑर्डर’ के अनुपालन में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई गई। लगातार प्रयासों और समन्वय के परिणामस्वरूप ठगी गई पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर मनोज कुमार सिंह ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद