साइबर फ्रॉड पीड़िता को पुलिस ने रुपये कराए वापस

शेयर करे

ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना बरदह क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुई महिला को पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। साइबर फ्रॉड के एक मामले में पुलिस ने पीड़िता के खाते से ठगी गई रकम में से 44,126 रुपये सकुशल वापस कराए हैं।
बीते 13 अगस्त 2025 को अजय की पत्नी प्रीति, निवासी बड़गहन, थाना बरदह को अज्ञात व्यक्ति द्वारा कॉल व व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डराया गया। आरोपी ने भय दिखाकर पीड़िता से कुल 1,28,000 रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता द्वारा 2 सितंबर को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके आधार पर थाना बरदह में पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की जांच के दौरान साइबर हेल्प डेस्क टीम थाना बरदह द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई रकम में से 44,126 रुपये संबंधित बैंक खाते में होल्ड कराए गए। इसके बाद न्यायालय के फंड रिलीज ऑर्डर के अनुपालन में बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर उक्त धनराशि पीड़िता के खाते में वापस कराई गई।
इस कार्रवाई से साइबर अपराध के पीड़ितों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनीष सिंह, कांस्टेबल विवेक गिरी एवं महिला आरक्षी मनीषा यादव शामिल रहीं।
रिपोर्ट-एमके राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *