आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में 14 व 15 मार्च 2026 को दो पालियों में (प्रथम पाली पूर्वान्ह 10ः00 बजे से 12ः00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 3ः00 बजे से 5ः00 बजे तक) आयोजित उ0प्र0 पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन 14 व 15 मार्च को दो पालियों में कुल 12 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी, जिसमें कुल 5040 (प्रति पाली) अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। उन्होने बताया कि जनपद में निर्धारित 12 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की सुचिता बनाए रखने, परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने एवं शान्ति विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने व परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सामग्री पहुंचाने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा को नकल विहीन, शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं प्रत्येक केन्द्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बैठक के बाद सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने केन्द्र का भ्रमण करेंगे तथा केन्द्र व्यवस्थापक और सहायक केन्द्र व्यवस्थापक से सम्पर्क करके सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायेंगे। उन्होने सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि अपने आबंटित परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रखकर परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेगें तथा प्रत्येक पाली में परीक्षा समाप्ति के उपरान्त शील्ड/ट्रंक को सहायक नोडल अधिकारी (पुलिस) द्वारा व्यवस्थापित वाहनों में कोषागार में जमा कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने नामित एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्धारित समय से प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों पर एवं कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरा लग जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक करने वाले कर्मियों की सूची निर्धारित समय से उपलब्ध करायें एवं उनका पुलिस वेरिफिकेशन भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर पुलिस ऑफिसर बायोमेट्रिक कर्मियों की सूची लेकर उनको निर्देशित करें कि यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करेंगे, तो कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक मंे अपर जिलाधिकारी वि0रा0 गम्भीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल