शक्ति, निष्ठा और गौरव का प्रतीक है पुलिस ध्वज: एसपी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में क्वार्टर गार्द पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार द्वारा ससम्मान ध्वजारोहण कर वर्दी पर पुलिस ध्वज का स्टीकर लगाया गया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को झंडा दिवस के महत्व एवं पुलिस मुख्यालय के संदेश से अवगत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा एवं अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस ने संगठित अपराध व माफियातंत्र के खिलाफ उल्लेखनीय कार्यवाही कर प्रदेश को सुरक्षित और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज शक्ति, निष्ठा और गौरव का प्रतीक है तथा इसका सम्मान करना प्रत्येक पुलिसकर्मी का कर्तव्य है।
उन्होंने बताया कि 23 नवम्बर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को आधिकारिक रूप से पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। तभी से प्रति वर्ष पुलिस झंडा दिवस मनाते हुए ध्वज के स्टीकर जारी किए जाते हैं, जिनकी आय सैनिक कल्याण हेतु प्रयुक्त होती है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालयों, थानों, पीएसी वाहिनियों, कार्यालयों एवं क्वार्टर गार्द में ध्वजारोहण परंपरागत रूप से किया जाता है। ध्वजारोहण के पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया गया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर, लाइन शुभम तोदी सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *