पुलिस ने सजीव एक्सीडेंट डेमो के माध्यम से किया जागरुक

शेयर करे

कप्तानगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज कस्बा चौक पर एक अनोखी पहल की गई। एक सजीव एक्सीडेंट डेमो और नाटकीय मंचन, जिसके जरिए लोगों को बताया गया कि बिना हेलमेट बाइक चलाना किसी भी क्षण जानलेवा साबित हो सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में एएसपी यातायात विवेक त्रिपाठी की निगरानी में सजीव एक्सीडेंट डेमो किया गया। अभियान का नेतृत्व स्वयं थानाध्यक्ष कप्तानगंज देवेन्द्र नाथ दूबे ने किया। पुलिस टीम ने चालान काटने के बजाय एक अलग तरीका अपनाया। सड़क हादसे का ऐसा वास्तविक मंचन प्रस्तुत किया गया कि लोगों ने अपनी आंखों से दुर्घटना के खतरों को महसूस किया। राहगीर, व्यापारी और स्थानीय लोग इस दृश्य से भावुक भी हुए और जागरूक भी।
थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दूबे ने कहा यातायात नियम किसी को रोकने के लिए नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। हेलमेट बोझ नहीं जीवन का रक्षक है। एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल सकती है। इसलिए नियमों का पालन करें और सुरक्षित घर लौटें। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में आरक्षी सद्दाम, आरक्षी विपिन पाण्डेय और होमगार्ड जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन्होंने वहां मौजूद नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। यह सजीव प्रदर्शन न सिर्फ संदेश देता है, बल्कि यह साबित करता है कि आजमगढ़ पुलिस केवल चालान नहीं करती, बल्कि समाज को सुरक्षित रखने के लिए रचनात्मक तरीकों से भी काम कर रही है।
रिपोर्ट-विजय कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *