बाइक चुरा कर भाग रहे लुटेरों को पुलिस ने पकड़ा

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला के फुलवरिया बाजार से सोमवार रात बाइक चुरा कर भाग रहे दो लुटेरों को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। उसके बाद पुलिस उन दोनों को थाने लाकर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर जेल भेज दिया।
क्षेत्र के सकतपुर निवासी अशोक गौतम सोमवार देर शाम फुलवरिया बाजार में मोबाइल बनवाने आए थे, बाजार में नीरज मोबाइल सेंटर के सामने अपनी हीरो डीलक्स बाइक खड़ी कर लाक लगा कर दुकान में चले गए। इतने में दो लुटेरे आए और उनकी बाइक का लॉक तोड़कर उसे स्टार्ट कर भागने लगे। उसी समय अशोक की निगाह बाइक लेकर भाग रहे लुटेरों पर पड़ी और वे चिल्लाते हुए पैदल ही लुटेरों का पीछा करने लगे। उसी समय फुलवरिया चौराहे पर बाहन चेकिंग कर रहे थाने के सब इंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे और श्रीप्रकाश मिश्रा ने लुटेरों को रोका तो वे अम्बेडकर नगर जिले की तरफ घूम कर भागने लगे। उसके बाद इन दोनों एस आई ने लुटेरों का बाइक से पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आता देख इन लुटेरों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। लेकिन पुलिस साहस के साथ इनका पीछा करती रही। और अम्बेडकर नगर जिले के नेवादा बाजार के पास भाग रहे लुटेरों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और ये दोनों चोटिल हो गए। उसी समय पुलिस ने इन दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में इन दोनों में एक ने अपना नाम विजय यादव निवासी ग्राम और थाना जैतपुर अम्बेडकर नगर और दूसरे ने अपना नाम अजीत यादव निवासी ग्राम पल्थी थाना दीदारगंज जिला आजमगढ़ बताया। उसके बाद पुलिस इन दोनों घायल लुटेरों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र अहरौला में इलाज कराते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया।
इनसेट
केंद्रीय मानवाधिकार एवं समाज कल्याण भारत करेगा एस आई का सम्मान
माहुल (आजमगढ़)। बाइक लूट कर भाग रहे लुटेरों का पीछा कर के पकड़ने वाले सब इंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे और श्रीप्रकाश मिश्रा को उनके साहस और वीरता के लिए केंद्रीय मानवाधिकार एवं समाज कल्याण भारत नाम की संस्था इन्हें जल्दी ही सम्मानित करेगा।
ट्रस्ट के राष्ट्रीय सचिव श्याम सिंह ने बताया कि जिस तरह से श्याम कुमार दुबे और श्री प्रकाश मिश्रा ने जान पर खेल कर लुटेरों का पीछा किया और उन्हें पकड़ा अन्य पुलिस वालो के लिए नजीर है। उन्होंने यह भी कहा कि इन दोनों की उम्र भी 50 वर्ष से अधिक है फिर भी इनका जोश और साहस काबिलेतारीफ़ है, संस्था इन दोनों को जल्दी ही सम्मानित करेगी।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *