ईदू हत्या काण्ड में पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव थाना क्षेत्र के दौना गांव के गुमशुदा युवक ईदू पुत्र इरफान की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पिता पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित रफ्फू पुत्र इरफान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि उसका भाई 17 नवम्बर से लापता था। 19 नवम्बर को जानकारी मिली कि उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया है। तहरीर के आधार पर उमाशंकर पुत्र शिवानन्द और विपिन पुत्र उमाशंकर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
गुमशुदगी की विवेचना के दौरान थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय ने उमाशंकर से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की। पूछताछ में बताया गया कि रात करीब डेढ़ बजे उसने और उसके पुत्र विपिन ने मिलकर ईदू को पकड़कर चाकू से हमला किया और हत्या कर दी। शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर गांव के पास स्थित पोखरे में फेंक दिया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर गोताखोर की मदद से पोखरे से शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान परिजनों ने ईदू के रूप में की। उमाशंकर को पुलिस ने 19 नवम्बर की शाम हिरासत में लिया। अगले दिन मुखबिर की सूचना पर विपिन कुमार को पकड़ी खुर्द जाने वाले हाइवे कट से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी और अनावरण की कार्रवाई में थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय के साथ हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश सिंह, कांस्टेबल शिवम तिवारी और कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *