आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिधारी पुलिस ने किसान को बंधक बनाकर कीमती जमीन बैनामा कराने तथा बंधक को छोड़ने के लिये 2 लाख रुपये की मांग करने वाले 3 प्रापर्टी डीलरों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान करते हुए जेल भेज दिया।
वादिनी सुभावती देवी पत्नी रमेश यादव निवासी इब्राहिमपुर थाना मुबारकपुर द्वारा 27 नवम्बर को थाना सिधारी पर तहरीर दिया गया कि उसके पति रमेश यादव को विपक्षीगण सन्तराज यादव पुत्र लालचन्द निवासी इब्राहिमपुर थाना मुबारकपुर, सुनील कुमार यादव पुत्र सुबाष यादव निवासी बरही थाना सिधारी, देवेन्द्र यादव पुत्र बालदीन यादव निवासी हेगापुर थाना सिधारी व आशीष यादव पुत्र राजेश यादव निवासी हेगापुर थाना सिधारी द्वारा जबरदस्ती अपने साथ ले जाकर 7 विस्वा जमीन बिना कोई पैसा दिये बैनामा करा लिया गया है व पति को कहीं बंधक बनाकर छिपा दिया गया है और छोड़ने के नाम पर 2 लाख रुपये की मांग की जा रही है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में थी। पुलिस ने मुकदमा उपरोक्त के वांछित अभियुक्तगण सुनील कुमार यादव पुत्र सुबाष यादव निवासी बरही थाना सिधारी, देवेन्द्र यादव पुत्र बालदीन यादव निवासी हेंगापुर थाना सिधारी व आशीष यादव पुत्र राजेश यादव निवासी हेंगापुर थाना सिधारी को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के पास ग्राम पल्हनी से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त सुनिल कुमार यादव के पास से यूनियन बैंक के उसके खाते का चेक संख्या 02045521 मूल्य 2 लाख रुपये सात नवम्बर तथा नौ नवम्बर को हुए बैनामे की छायाप्रति भी बरामद हुई।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार