आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सोमवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद के विभिन्न जगहों पर अधिकारियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों द्वारा जगह-जगह पौधरोपण किया गया। साथ ही उनके संरक्षण हेतु संकल्प लिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस महानिरीक्षक अखिलेश कुमार द्वारा परिक्षेत्रीय कार्यालय में पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण को धरती को हरा-भरा बनाने, भावी पीढ़ियों को प्रदूषण मुक्त एवं सुरक्षित जीवन प्रदान करने हेतु पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलायी गयी। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन्स में अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई और पुलिस लाइन्स परिसर में पौधरोपण किया। इसी क्रम में एएसपी अमरिन्दर सिंह व सीओ नगर गौरव शर्मा द्वारा पुलिस लाईन्स परिसर में पौधरोपण किया गया तथा जनपद के समस्त थानों में सभी पुलिस कर्मियों को विश्व पर्यावरण दिवस पर शपथ दिलाई गयी।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम तरफकाजी में अमृत सरोवर पर मनरेगा मजदूरों द्वारा पर्यावरण दिवस मनाया गया। प्रत्येक श्रमिकों ने 10 पौधे लगाने का संकल्प लिया। ग्राम प्रधान डा. संजय चौहान ने मनरेगा श्रमिको को पर्यावरण दिवस के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर रामलखन, सुजीत, बाबा, राजेन्द्र, पंकज, जोखू उर्फ सलीम, रामदुलार, आकाश, रामअवध, ममता, कुसुम, चंद्राववती आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम मे लालगंज के रुद्रपुर प्रभारी रवि यादव, भाजपा मंडल रजनीकांत, पूर्व प्रधान नीरज सिंह, प्रधान पारस यादव तथा दर्जनों लोगों द्वारा पीपल और बरगद, पाकड़, जामुन का पौध लगाकर शपथ भी ली गई। रवि यादव ने कहा वृक्ष रहेगा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। आमजन को शुद्ध हवा ऑक्सीजन ख्वाजा सराय वायुमंडल से साथ लाभ होगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजनीकांत त्रिपाठी, ओमप्रकाश यादव, दुर्गादत्त भारती, शिव शंकर यादव, रामजन्म यादव, लक्ष्मी वर्मा आदि उपस्थित रहे। इसी क्रम में लालगंज तहसील प्रांगण में एसडीएम सुरेंद्र नारायण त्रिपाठी ने पौधरोपण किया।