अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के एनएच 233 पर सिकंदरपुर चौराहे के समीप गुरुवार की सुबह लगभग 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। गोविंद साहब मेले से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी मैजिक पलट गई। मैजिक में कई कुंतल गन्ना भी रखा था। पिकअप में सवार लगभग दो दर्जन से अधिक महिला, पुरुष व बच्चे घायल हुए। लोगों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग तत्काल वहां पहुंच गए, और घायलों की मदद करने लगे। सूचना मिलते ही तत्काल वरिष्ठ उप निरीक्षक पवन सिंह हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों की मदद में जुट गए। घायलों को नजदीकी 100 शैया अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं अस्पताल में इतने अधिक संख्या में घायलों के पहुंचते ही अफ़रा तफरी मच गई और डाक्टर, स्टाफ नर्स की टीम तत्काल लोगों के बेहतर इलाज के लिए जुट गई।
सभी घायल देवरिया जनपद के रुद्रपुर छितई बाजार (भोजपुरिया टोला) के निवासी हैं। घायलों का प्राथमिक इलाज करते हुए 16 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जिसमें 11 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वही 14 लोगों का इलाज अस्पताल में ही चल रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम बूढ़नपुर अभय राज पांडे राजस्व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों का हाल जाना।
स्वास्थ्य अधीक्षक डा.दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि सभी दर्शनार्थी गोविंद साहब मेले से दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। 16 लोगों को जिला चिकित्सालय भेजा गया है। 11 लोगों की हालत गंभीर है, वही 14 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इनसेट—
दुर्घटना में ये हुए घायल
अतरौलिया (आजमगढ़)। दर्शनार्थियों से भरी मैजिक पलटने से हरिश्चंद्र पुत्र पलक धारी 42 वर्ष, सुनीता पत्नी अनिल 30 वर्ष, बासमती पत्नी हरिश्चंद्र 40 वर्ष, किन्नू पुत्र रामनाथ 45 वर्ष, चंद्रावती पत्नी योगेंद्र 40 वर्ष, जोनिया देवी पत्नी रामआसरे 58 वर्ष, अनिल निषाद पुत्र बेचन 35 वर्ष, सालती पत्नी सरदार 40 वर्ष, लालमति पत्नी मेवा लाल 40 वर्ष, किरन पत्नी किन्नू निषाद 40 वर्ष, शारदा निषाद पत्नी कोदई 55 वर्ष, आयन्स पुत्र अनिल 3 वर्ष, प्रवीन पुत्र मेवालाल 22 वर्ष, शिवा निषाद पुत्र गोविंद 12 वर्ष, तमन्ना निषाद पुत्री गोविंद 11 वर्ष, अंशिका निषाद पुत्री अरविंद 13 वर्ष, सरदार निषाद पुत्र कोदई 55 वर्ष, प्रीति पुत्री प्रेम 12 वर्ष, महिमा पुत्री गुड्डू 12 वर्ष, सावित्री पत्नी राजमंगल 60 वर्ष, खुशी निषाद पुत्री गुड्डू 14 वर्ष, अंशिका पुत्री अरविंद 11 वर्ष, रितिका पुत्री गुड्डू 11 वर्ष, प्रिया पुत्री प्रेम 13 वर्ष, अंजलि पत्नी गुड्डू 45, रागनी पुत्री राज मंगल 12 वर्ष, बुद्धू पुत्र लाल बिहारी 30 वर्ष, प्रिंस पुत्र सरदार 10 वर्ष, सोनम पुत्री सरदार 16 वर्ष, व पिंटू पुत्री सरदार 12 वर्ष शामिल हैं।
इनसेट—
लोगों ने की स्टाफ नर्स व डाक्टर की सराहना
अतरौलिया (आजमगढ़)। जैसे ही दुर्घटना में घायल लगभग 30 की संख्या में लोग अस्पताल में पहुंचे, अस्पताल में अफ़रा तफरी मच गई। तत्काल सभी डाक्टरो व स्टाफ नर्स लोगो के इलाज में जुट गयी। स्वास्थ्य टीम की इस तत्परता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि यहां डाक्टरों की कमी तो है लेकिन लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है। स्वास्थ्य अधीक्षक दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि अस्पताल में जितने भी डाक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ तैनात है सभी लोग मिलकर आज आपात स्थिति से निपटने का काम किया और मरीजो का बेहतर इलाज किया। यहां पर कुल 32 डाक्टर का पद खाली है अगर डाक्टर की कमी को पूरा कर दिया जाता तो लोगों को और बेहतर इलाज मिलते और जिला चिकित्सालय नहीं भेजना पड़ता। इसके लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद