लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वक्फ़ संपत्तियों के उम्मीद पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया को छह महीने तक बढ़ाए जाने के बाद आज़मगढ़ ज़िले के कोऑर्डिनेटर मोहम्मद शादाब ने इसे एक बड़ी राहत और महत्वपूर्ण अवसर बताया है। उन्होंने लोगों से वक्फ़ संपत्तियों का पंजीकरण जल्द से जल्द पूरा कराने की अपील की।
मोहम्मद शादाब ने कहा कि पूरे छह महीने का इंतज़ार बिल्कुल न करें, बल्कि बिना देरी किए अपनी वक़्फ़ संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर दर्ज करा लें। समय पर पंजीकरण कराने से न सिर्फ कानूनी सुरक्षा मिलती है बल्कि भविष्य में प्रशासनिक सुगमता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि यह बेहद ज़रूरी है कि इस प्रक्रिया में लापरवाही न बरती जाए, वरना आगे चलकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि जागरूक क्षेत्रों के लोग अपनी संपत्तियों को पोर्टल पर दर्ज कर चुके हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति अभी भी कमजोर है। इसलिए जिन्होंने अपनी संपत्तियों का पंजीकरण करा लिया है, वे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जागरूक करने और उनकी संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर दर्ज कराने में मदद करें।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद