लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील के सिधौना क्षेत्र में बंदरों और छुट्टा पशुओं के आतंक से आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आयेदिन बंदरों और गायों के झुंड से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बंदरों की बढ़ती संख्या से हालात यह हो गए हैं कि वे घरों की छतों पर रखी पानी की टंकियों के ढक्कन खोलकर पानी को गंदा कर देते हैं, वहीं नलों को तोड़कर पूरी टंकी खाली कर देते हैं। ऐसे में स्नान तो दूर, पीने के पानी तक की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। सिधौना बाजार में बंदरों का आतंक और भी अधिक दिखाई देता है, जहां वे राह चलते लोगों के हाथ से सामान छीन लेते हैं और दुकानों से सामान उठाकर भाग जाते हैं। कई लोगों को बंदरों द्वारा काटे जाने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
बंदरों के भय के कारण सिधौना में स्थित शिवा शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार कम होती जा रही है। लोग मंदिर जाने से भी डरने लगे हैं।
एक ओर बंदरों से लोग परेशान हैं तो दूसरी ओर आवारा गायों ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। आवारा गायें झुंड बनाकर सड़कों पर बेखौफ घूमती रहती हैं, जिससे आयेदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके साथ ही ये गायें किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रही हैं। इस तरफ शासन-प्रशासन का अपेक्षित ध्यान नहीं जा रहा है। जनहित को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर शासन और प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को बंदरों और आवारा पशुओं के आतंक से निजात मिल सके।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद