अंबेडकर जयंती को लेकर हुई पीस कमेटी की बैठक

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर थाना परिसर में गुरुवार को पीस कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी ने की।
सीओ कौस्तुभ त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि जयंती के अवसर पर किसी भी नए जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल पूर्व से परंपरागत रूप से निकलते आ रहे जुलूसों को ही अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी आयोजनों में उच्च न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।
उन्होंने विशेष रूप से डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर कहा कि ध्वनि निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही रखी जाए। नियमों का उल्लंघन करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने जानकारी दी कि क्षेत्र में अब तक लगभग 14-15 जुलूसों और 44 प्रतिमाओं की स्थापना की सूचना प्राप्त हुई है, जिसकी संख्या आगे बढ़ भी सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ जयंती मनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे, उपनिरीक्षक पवन सिंह, उपनिरीक्षक पवन शुक्ला, राजेंद्र सिंह, मयंक सिंह, हेड मोहर्रम रवि शंकर भारती सहित प्रधान आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *