जीडी ग्लोबल स्कूल में अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीडी ग्लोबल स्कूल में नेचर-नर्चर के सहयोग से अभिभावक उन्मुखीकरण का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा में बच्चों के सर्वांगीण विकास के महत्व से अवगत कराना था। दीप-प्रज्वलन एवं मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मुकेश शेलट, निदेशक के.पी.ग्रुप्स ऑफ स्कूल्स गुजरात उपस्थित रहे, जिनके पास 31 वर्षों से अधिक का समृद्ध शैक्षिक अनुभव है। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में बताया कि प्रारंभिक शिक्षा के दौरान बच्चों को सही दिशा, अनुकूल वातावरण एवं प्रोत्साहन प्रदान करना उनके भविष्य के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने अपने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आधार पर अभिभावकों को बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नेचर-नर्चर के 360° लर्निंग प्रोग्राम की विशेषताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं सृजनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे उनका संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित होता है।
विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि “प्रारंभिक शिक्षा के वर्ष बच्चों के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष होते हैं। इस दौरान दिया गया सही मार्गदर्शन उनके व्यक्तित्व को आकार देता है। विद्यालय एवं अभिभावकों का संयुक्त प्रयास ही बच्चों को सफलता के पथ पर अग्रसर करता है।”
विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि “हमारा विद्यालय जीडी ग्लोबल स्कूल सदैव बच्चों के समग्र विकास हेतु प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के कार्यक्रम अभिभावकों और विद्यालय के बीच समन्वय को सुदृढ़ करते हैं, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों को एक सक्षम, संवेदनशील एवं आत्मविश्वासी नागरिक बनाना है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *