पटवध आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति ने शासन द्वारा लागू की गई पंचायत सचिवों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था के विरोध में चरणबद्ध सांकेतिक सत्याग्रह कार्यक्रम की घोषणा की है। समिति ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि आदेश से शासकीय कार्य बाधित हो रहे हैं तथा सफल वार्ता न होने पर आंदोलन जारी रहेगा।
समिति का कहना है कि ग्राम प्रधानों की कोई शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं होने से उनके द्वारा यह प्रणाली संचालित कराना व्यवहारिक नहीं है। इस दिन सभी ग्राम पंचायतों के डीओएससी, डीओजीएल, डीओजीओ कार्यालयों में ज्ञापन जमा कराए जाएंगे। समिति ने स्पष्ट किया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर यह आंदोलन चरणबद्ध ढंग से जारी रहेगा और सभी पंचायत सचिव इसमें शामिल रहेंगे।
समिति द्वारा जारी पत्र के अनुसार एक से चार दिसंबर तक पंचायत सचिव काली पट्टी बांधकर शासकीय कार्यों का निर्वहन करेंगे और विरोध दर्ज कराएंगे। पांच दिसंबर को जनपद के सभी विकास खंड मुख्यालयों पर सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। दोपहर एक बजे बाद सचिव अपने-अपने विभागीय दायित्वों हेतु खंड विकास अधिकारियों को मोबाइल के माध्यम से उपस्थिति भेजेंगे। 10 दिसंबर को इंजन चालित वाहन से क्षेत्रीय भ्रमण न करते हुए सचिव साइकिल, टेम्पो या बस से भ्रमण करेंगे। समिति ने कहा कि 200 रुपया साइकिल भत्ता मिलने के बावजूद सचिवों से मोटर साइकिल उपयोग की अपेक्षा तर्कसंगत नहीं है। इस दिन मोटरसाइकिल भत्ता बहाल करने की मांग शासन से की जाएगी। 15 दिसंबर को जटिल ई-ग्राम स्वराज एवं गेटवे प्रणाली के विरोध में सचिव मोबाइल ऐप आधारित भुगतान व्यवस्था लागू करने की मांग करेंगे।
इसी क्रम में विकास खण्ड मिर्जापुर में सचिवों ने अध्यक्ष मानस राय व सुदर्शन यादव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक अध्यक्ष गणतंत्र श्रीवास्तव एवं मंत्री राकेश यादव के नेतृत्व में सभी सचिवों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध करते हुए खण्ड विकास अधिकारी मनोज कुमार शर्मा को ज्ञापन दिया।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को विकास खण्ड महाराजगंज सभागार में ग्राम पंचायत अधिकारी ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध और उच्चाधिकारियों द्वारा अन्य विभागों के कार्य जबरन दबाव बनाकर कराने की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोष व्यक्त किया गया।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम पंचायत ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति की बैठक विजयचंद यादव अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपस्थित समस्त ग्राम पंचायत ग्राम विकास अधिकारियों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और एक पत्रक खण्ड विकास अधिकारी फूलपुर को सौंपा गया। इस अवसर पर अरविंद यादव, बृजेश कुमार, अखिलेश कुमार, सुनील गौड़, ओम प्रकाश यादव, अरुण कुमार, अभिमन्यु यादव, रवि यादव, रविन्द्र, ओमप्रकाश आदि उपस्थित रहे।