लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लालगंज क्षेत्र के विभिन्न गांव के दौरे के दौरान राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल के राष्ट्रीय प्रवक्ता तलहा रशादी ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव होते हैं और विधानसभा चुनाव 2027 से पहले होने वाले पंचायत चुनाव को उन्होंने सेमीफाइनल की संज्ञा दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर इन चुनावों में हिस्सा लें और अपनी ताकत को पहचानें।
तलहा रशादी ने कहा कि जो राजनीतिक दल जमीनी स्तर पर मजबूत होता है, वही आगे चलकर सत्ता के सिंहासन तक पहुंचता है। पंचायत चुनाव जनता की वास्तविक भागीदारी का सबसे बड़ा मंच होते हैं, जहां से राजनीतिक दिशा और दशा तय होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल हमेशा जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। यह संगठन किसी एक समुदाय की राजनीति नहीं करता, बल्कि शोषित, वंचित और प्रताड़ित वर्गों की आवाज़ बनकर संघर्ष करता है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि सच के साथ खड़ा रहना ही राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल की पहचान है। संगठन का मकसद सत्ता नहीं, बल्कि इंसाफ, बराबरी और सम्मान की राजनीति को आगे बढ़ाना है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे पंचायत चुनावों को हल्के में न लें, क्योंकि यही चुनाव आगे की बड़ी राजनीतिक लड़ाइयों की दिशा तय करते हैं। इस मौके पर मिस्बाहुद्दीन, शाहबाज, शाहज़ेब, उमैर,मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद आज़िब, मोहम्मद आमिर, नसीर अहमद, अब्दुल वदूद, अब्दुल अजीम, नैयर, मोहम्मद हबीब आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद