आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य शिक्षक संघर्षों के प्रतीक पंचानन राय की 18वीं पुण्यतिथि शिक्षक स्वाभिमान दिवस के रूप में हरिऔध नगर कॉलोनी में मनाई गई। विधान परिषद में नेता शिक्षक दल ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक को राष्ट्र निर्माता कहा जाता है परन्तु समाज में एक ऐसा भी समय था जब शिक्षकों का खुलेआम शोषण किया जाता था और वह विवश होकर एक निरीह प्राणी के रूप में कार्य करता था। शिक्षकों को समाज में सम्मान दिलाने एवं उनके हो रहे शोषण के विरुद्ध एक मजबूत संगठन स्थापित करके पंचानन राय ने संघर्षों की बदौलत शिक्षा जगत में शून्य से शिखर तक की जो उपलब्धियां अर्जित की उस योगदान को शिक्षक कभी भूल नहीं सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षक संघ उन्हीं के दिखाए रास्ते पर चलकर संघर्ष कर रहा है परंतु आज भी सबका विश्वास है कि पंचानन राय की आत्मा इस संघ की विशेष ताकत है। वह हमारे बीच भले ही नहीं रहे परंतु उनकी कृतियां उनका कुशल व्यक्तित्व विरोधियों को भी अपना बनाने का अंदाज चट्टान की तरह दृढ़ संकल्प एवं संघर्षमय जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री पद पर रहते हुए दो बार शिक्षक विधायक बने। उनके नेतृत्व में हुए आंदोलनों की बदौलत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के साथ-साथ संतोषजनक वेतनमान और समाज में भी सम्मान के साथ जीने का हक प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर विनीत राय, इंद्रासन सिंह, दिवाकर तिवारी, ध्रुव मित्र शास्त्री, मुन्नू यादव, प्रभाकर राय, अवधेश त्रिपाठी, कमलेश राय, सर्वेश्वर पांडे, दुखंती यादव, परशुराम यादव, संतोष कुमार, प्रदीप यादव, सुधींद्र राय आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता बृजेश राय तथा संचालन जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने किया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार