विलक्षण प्रतिभा के धनी थे पंचानन राय: इंद्रासन सिंह

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य स्व.पंचानन राय में गुणों का अदभुत मिश्रण था। अनजाने में भी कोई व्यक्ति उनकी उपस्थिति को नजर अंदाज नहीं कर सकता था। ओजस्वी वाणी में दो टूक बात कहने के वे आदि थे। किसी को भला लगे या बुरा हंसी-हंसी में तीखा कटाक्ष करने के अभ्यस्त थे। स्व.राय साहब विलक्षण प्रतिभा के धनी थे उक्त बातें उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री इंद्रासन सिंह ने सोमवार को प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज अटलस का पोखरा के प्रांगण में स्व.पंचायन राय के 79वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पंचानन राय शिक्षा जगत के कद्दावर और महान नेता थे। उन्होंने सदन और सड़क दोनों जगहों पर स्मरणीय संघर्ष किया। शिक्षक संगठन में अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की परंपरा को जीवित रखना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
संगठन के वरिष्ठ शिक्षक नेता दिवाकर तिवारी ने कहा कि पंचानन राय उन गिने-चुने लोगों में थे जो मूल्यों की राजनीति के लिए जाने जाते हैं। स्व.राय आदर्श राजनीति के प्रतीक थे राजनीति में गिरावट के बाद भी उन्होंने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। सभा को जिला अध्यक्ष बृजेश राय, रमाकांत वर्मा, ध्रुव चंद्र, विजय कुमार सिंह, ने भी संबोधित किया। शिक्षक नेताओं द्वारा स्व.पंचानन राय के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति शिक्षक समुदाय ने अपनी कृतज्ञता ज्ञापित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बृजेश राय एवं संचालन जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने किया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *