फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फत्तनपुर मुस्तफाबाद गांव में होली के दिन एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरी बहनों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।
अंशिका 14 वर्ष पुत्री सुरेश यादव कक्षा 8 की छात्रा थी। एक भाई से बड़ी थी। शिवांगी 18 वर्ष पुत्री राजेश यादव कक्षा 12 की छात्रा थी जो कि यूपी बोर्ड की परीक्षा दे रही थी। दो भाई में एक बहन थी, दूसरे नंबर की थी। होली खेलने के बाद गांव के पास स्थित एक पोखरे में नहाने गई थीं। बताया जाता है कि नहाते समय दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
शाम को जब गांव के कुछ युवक उसी पोखरे में नहाने पहुंचे तो उनका पैर शव से टकराया। इसके बाद शोर मचाया और परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों को बाहर निकालकर ब्लॉक रानी की सराय ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उक्त पोखरा गांव में मछली पालन के लिए खुदवाया गया था, जो कुछ दिनों से सूखा पड़ा था। एक दिन पहले ही उसमें पानी भरा गया था। होली के उत्साह के बीच यह हादसा कब और कैसे हुआ, किसी को पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हुए, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। देर रात दोनों चचेरी बहनों का अंतिम संस्कार एक साथ कर दिया गया।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव