पश्चिम बंगाल में महिलाओं के शोषण से आक्रोश

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पिछले कुछ दिनों में पश्चिम बंगाल के संदेशखाली, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर (चोपरा) में हुई घटना से व्यथित होकर महिला संगठन नारी शक्ति संस्थान ने गृह मंत्री के नाम से संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान सचिव डॉ.पूनम तिवारी, सुधा तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहीं।
संस्थान की महिलाओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में दिन-प्रतिदिन महिलाओं की बिगड़ती हुई स्थिति गंभीर चिंता का विषय है। कानून और व्यवस्था केवल शब्दकोष तक सिमटकर रह गए हैं। संदेशखाली, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर (चोपरा) की घटनाएं सभ्य समाज का मस्तक लज्जा से झुका देने वाली हैं। निरीह, निरपराध नागरिकों का और विशेषतः महिलाओं का शोषण और दर्दनाक उत्पीड़न सर्वथा निंदनीय है। भारतीय संविधान की धज्जियां उड़ाने वाली ये घटनाएं तालिबानी शासन का स्मरण कराती हैं। एक महिला मुख्यमंत्री के होते हुए भी महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय, अत्याचार और अपमान से यहां की सभी महिलाएं अत्यंत व्यथित हैं। गृह मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने तथा घटना की न्यायिक जांच करवाने की मांग की। कहा कि सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए। साथ ही पीड़ित महिलाओं के शारीरिक और मानसिक उपचार और उनके पुनर्वास की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *