फूलपुर आजमगढ़(सृष्टिमीडिया)। शासन व उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद भी पंचायत सहायकों का मानदेय उन्हें समय से नहीं मिल पा रहा है जिससे पंचायत सहायको को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। भुगतान न होने से पंचायत सहायकों में आक्रोश है।
पंचायत सहायक और समूह की शौचालय पर नियुक्त दीदियों को 6 माह से मानदेय नहीं मिला है। आठ मार्च को होली का पर्व है। निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश का पत्र भी प्राप्त हो गया कि होली से पूर्व पँचायत सहायको का मानदेय किसी भी दशा में भुगतान कर दिया जाय। परन्तु अब तक मानदेय भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में पंचायत सहायकों की होली फीकी रहने की प्रबल संभावना बनी हुई है। ग्राम पंचायत मीर अहमदपुर तिलक की पंचायत सहायक सुषमा यादव ने बताया कि मेरा जून 2022 से अब तक कुल नौ माह का मानदेय नहीं मिला। इस सम्बंध में सहायक विकास अधिकारी पँचायत फूलपुर चन्द्र प्रकाश दुबे ने बताया कि उच्चाधिकारी के निर्देश की जानकारी लिखित रुप से समस्त ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों को दे दिया गया है कि होली से पहले मानदेय भुगतान कर कार्यालय को अवगत कराया जाय।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय