पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को हमारा आंगन, हमारे बच्चे उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीडीओ संतोष कुमार रहे। इस दौरान कार्यक्रम में बाल वाटिका एवं परिषदीय प्रत्येक संकुल से 60 निपुण बच्चों को निपुण प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।
खंड विकास अधिकारी पवई ने कहा कि छोटे बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व शिक्षकों की है। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी शिक्षकों की है। वहीं नामांकन व बच्चों की स्कूल में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अभिभावकों की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को इस प्रकार शिक्षा दी जाए जिससे कि उनके मानसिक क्षमता का विकास हो और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बना रहे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों व प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता के तहत कई प्रकार की सुविधा दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा आंगन, हमारे बच्चे अभियान से प्री प्राइमरी की पढ़ाई को बढ़ावा मिलेगा। खंड विकास अधिकारी पवई संतोष कुमार ने कहा कि अगर हम कोई भी काम मनोयोग से करें तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने पूर्व प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने के लिए सभी जिम्मेदारों को अपनी सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया।
इस अवसर पर शिक्षक संघ अध्यक्ष हरिप्रसाद सिंह, अरविंद सिंह, एआरपी संतोष यादव, संतोष मिश्र, डॉ.बलवंत सिंह, डॉ.आशीष गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-नरसिंह