आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सीएमओ आफिस में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल उस समय खुल गयी जब बीजेपी कार्यकर्ता व छात्र संगठन के नेता सीएमओ कार्यालय में मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर हो रही धन उगाही को लेकर धरने पर बैठ गये। इतना ही नहीं सीएमओ कार्यालय के सामने अनोखे तरीके से प्रदर्शन करते हुए गुल्लक में पैसा जमा करते हुए विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यही पैसा सीएमओ को दिया जायेगा, क्योंकि उनको पैसों की ज्यादा जरूरत है।
बीजेपी नेता समर प्रताप सिंह ने बताया कि इससे पहले भी सीएमओ कार्यालय में धन उगाही का वीडियो वायरल हुआ था, जिसको लेकर सीएमओ को ज्ञापन दिया गया। उस समय धन उगाही करने वाले कर्मचारी का ट्रांसफर अन्य जगह कर दिया गया था। एक बार फिर मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर की जा रही अधिक वसूली का वीडियो वायरल हुआ है जिसको लेकर सीएमओ से शिकायत की गयी। लेकिन सीएमओ मानने को तैयार नहीं हैं। लिहाजा हम सभी लोग धरने पर बैठकर चंदा इकट्ठा कर रहे हैं ताकि सीएमओ को दिया जाय। इतना ही नहीं बीजेपी नेताओ ने सीएमओ पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सरकार को बदनाम कर रहे हैैं।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार