फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर ब्लॉक में गांवों के समग्र विकास को लेकर क्षेत्र पंचायत की खुली बैठक 13 फरवरी, शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी तथा सदस्यों से मांग पत्र आमंत्रित किए जाएंगे।
खण्ड विकास अधिकारी इशरत रोमेल ने बताया कि बैठक में गत वर्ष की कार्यवाहियों की पुष्टि, आय-व्यय पर चर्चा तथा आगामी वर्ष में कराए जाने वाले आवश्यक कार्यों पर विचार-विमर्श होगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान गांवों की छोटी-बड़ी समस्याओं को बैठक में रखेंगे, जिनके समाधान एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी जवाब देंगे।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, विधान परिषद सदस्य, विधायक, सांसद सहित ब्लॉक व तहसील क्षेत्र के स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। सभी संबंधित विभागों को बैठक का एजेंडा भेजा जा रहा है। खुली बैठक में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सदस्य गांवों की आवश्यकताओं और विकास संबंधी मुद्दों को खुलकर रखेंगे, ताकि योजनाबद्ध तरीके से उनका समाधान कराया जा सके।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय