अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अहरौला थाना क्षेत्र के लेदौरा (बलुवहवा) गांव निवासी धनंजय निषाद 24 वर्ष पुत्र स्व.रन्नू निषाद बुधवार की शाम करीब 6 बजे अपनी बाइक से घरेलू सामान लेने बस्ती भुजबल बाजार गए थे। वापस घर लौटते समय टीपीएस विद्यालय के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में धनंजय निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जाता है कि धनंजय निषाद अपनी मां का इकलौता पुत्र था और उसकी तीन बहनें हैं, जिनकी शादियां हो चुकी हैं। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। कुछ दिन पहले ही धनंजय की सगाई हुई थी और जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी। इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की मां कुमारी देवी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में अमित कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष अहरौला ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे