ओंकार पांडेय ने की अजय राय के बयान की निन्दा

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारतीय जनता पार्टी के नेता ओंकार पांडेय ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के उस व्यवहार की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने हाल ही में हुए पहलगाम हमले की पृष्ठभूमि में एक खिलौना विमान पर नींबू और मिर्ची लटकाकर राफेल विमान का मज़ाक उड़ाया। श्री पांडेय ने इस कृत्य को घोर बचपना और राष्ट्र विरोधी सोच का प्रतीक बताया।
भाजपा नेता ओंकार पांडेय ने कहा कि राफेल जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान की ताकत और गरज से भारत के दुश्मनो का कलेजा कांप उठता है, उसी राफेल का इस प्रकार उपहास करना न केवल हमारे रक्षा बलों का अपमान है, बल्कि यह सीधे-सीधे राष्ट्र की सुरक्षा भावना और सेना के मनोबल को गिराने वाला प्रयास है। यह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दोहरे मापदंड अपना रही है। एक ओर कांग्रेस पार्टी आतंकवाद से निपटने में सरकार के साथ खड़े रहने की बात करती है वहीं दूसरी तरफ उन्हीं घटनाओं पर हल्के और हास्यास्पद तरीके से राजनीति कर रही है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस को न तो सैनिकों के सम्मान की चिंता है और न ही देश की सुरक्षा को लेकर कोई गंभीर सोच है। भारत की जनता अब सब समझती है। वह देश की सुरक्षा से खेलने वालों को कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस नेताओं को चाहिए कि वे राजनीति की मर्यादाओं में रहते हुए राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखें और सेना के शौर्य का सम्मान करें।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *