माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाइक से जा रहे युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाईडर से टकरा गयी जिससे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अहरौला कस्बा निवासी हरिश्चंद्र सोनकर की बहन की पुत्री की शादी शनिवार को आजमगढ़ में थी जिसमें पूरा परिवार गया हुआ था। इन्हीं लोगों के साथ में कस्बे के मुस्लिम बस्ती निवासी कमालुद्दीन अहमद का तीसरे नंबर का पुत्र मोहम्मद आतिफ 23 वर्ष रविवार को सुबह 9.30 बजे बाइक से ऋषभ पुत्र घनश्याम 20 वर्ष, प्रियांशु पुत्र हरिश्चंद्र 21 वर्ष के साथ बाइक चलाकर अहरौला के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आ रहा था। दिन के करीब 10.30 बजे 212 पर पहुंचे ही थे कि अचानक बाईक अनियंत्रित हो गई और लोहे के डिवाइडर से टकरा गई जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही मोहम्मद आतिफ की मौत हो गई। बगल में खेत की सिंचाई कर रहे एक किसान ने मदद की और इसकी सूचना पुलिस को दी। उसके बाद सूचना परिवार के लोगों को दिया गया। मौके पर पुलिस ने वहीं पर पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। पिता गाड़ी चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं।
रिपोर्ट-श्यामसिंह