आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के समुद्रपुर गांव में शनिवार को दिन के 10 बजे मोबाइल, पैसा और विदेशी जैकेट मांगने को लेकर शुरू विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। इस दौरान मारपीट और गोली मारने से एक व्यक्ति घायल हो गया। तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि मारपीट के दौरान अभिषेक यादव ने तमंचे से फायर कर दिया। तमंचे से निकली गोली नदीम अहमद के दाहिने हाथ में लग गई। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि फायर करने वाला युवक मौके से फरार हो गया। घायल नदीम को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। समुद्रपुर गांव के नदीम अहमद पुत्र नेसार अहमद और अभिषेक यादव पुत्र नंदा यादव में दोस्ती रही है। नदीम सऊदी में रहकर काम करता है। एक माह पूर्व वह घर आया था। उसका साथी अभिषेक उससे मोबाइल, जैकेट और पैसा मांग रहा था। वह बार-बार इनकार कर रहा था। इसी को लेकर दोनों में कुछ दिनों से भी विवाद चल रहा था। शनिवार को दिन में लगभग 10 बजे दोनों गांव के पूर्वी छोर पर घूम रहे थे। इसी बीच दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इस बीच गांव के कई अन्य लोग भी आ गए। अभिषेक के पिता नंदा यादव और उसका भाई अजय यादव भी मौके पर पहुंच गए। दोबारा मारपीट होने लगी। आरोप है कि मारपीट के दौरान अभिषेक यादव ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली नदीम के दाहिने हाथ में लग गई। गोली लगते ही अफरा- तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय यादव और नंदा यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तमंचे से फायर करने वाला अभिषेक यादव फरार हो गया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार एक अन्य आरोपित को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार