फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर कुंवर नदी पर बने पुल से बृहस्पतिवार को एक अधेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर नरियवा गांव निवासी कृपा बिंद 50 वर्ष फूलपुर कस्बा में पल्लेदारी का काम करता है। बृहस्पतिवार को शाम चार बजे वह कस्बा से घर जा रहा था। जगदीशपर कुंवर नदी पुल पर पहुंचा तो वह पुल की दीवार पर बैठकर आराम करने लगा। इसी बीच वह असंतुलित होकर अचानक नदी में गिर गया। जिस तरफ वह नदी में गिरा उधर पानी नही था, पत्थर पर सिर पड़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस व काफी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। खबर पाकर परिवारीजन भी पहुंचे। मृतक की एक 12 साल की पुत्री है। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट- मुन्ना पाण्डेय