अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक की मौत, दूसरा घायल

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बाजार स्थित स्टेट बैंक के पास शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार की सुबह रोहित गुप्ता 30 वर्ष पुत्र दीपचंद गुप्ता निवासी गम्भीरपुर की मौत हो गई। वहीं घायल सूरज विश्वकर्मा 25 वर्ष पुत्र जितेंद्र विश्वकर्मा का इलाज चल रहा था।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर बाजार निवासी रोहित गुप्ता व सूरज विश्वकर्मा शुक्रवार की शाम किसी आवश्यक कार्य से फरिहां गए थे। काम निपटाने के बाद रात में अपने घर वापस आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर मुहम्मदपुर स्टेट बैंक के पास पहुंची कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों घायल हो गए। ग्रामीणों द्वारा घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने हालात गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने रोहित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सूरज विश्वकर्मा पुत्र जितेंद्र विश्वकर्मा का इलाज चल रहा था। मृतक रोहित तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और पटना में रहकर दाना-भूजा की दुकान चलाते थे। एक सप्ताह पूर्व वह पटना से अपने घर आए थे। मृतक के एक पुत्री अन्वीका गुप्ता 4 वर्ष है। पत्नी पूजा गुप्ता व मां लीलावती देवी सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता दीपचंद गुप्ता ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी है।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *