आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया कुंवर नदी पुल के पास रविवार को मार्ग दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर शाहगंज की ओर से आ रहे थे और सामने से आ रही एक डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतक की पहचान बीरेंद्र 25 वर्ष पुत्र राजमनि, निवासी बैरमपुर, थाना तहबरपुर के रूप में हुई है। घायलों में शनि 20 वर्ष पुत्र रमेश, निवासी बैरमपुर, थाना तहबरपुर, और कौशल राजभर 22 वर्ष पुत्र बनवारी निवासी माहुल, थाना अहरौला, शामिल हैं। घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अम्बारी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल फूलपुर सीएचसी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृत बीरेंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और फरार डीसीएम चालक की तलाश में जुट गई।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय