लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बुधवार की रात करीब 9 बजे मोलनापुर ओवर ब्रिज पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में देवगांव क्षेत्र के मौर्या बीज भंडार संचालक अरविंद मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोसाई की बाजार निवासी अरविंद मौर्या अपनी मोटरसाइकिल से केराकत से अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान आजमगढ़ से बनारस की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने मोलनापुर ओवर ब्रिज पर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अरविंद मौर्या सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुला कर उन्हें सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज भेजा जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि ओवर ब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्था और सिग्नलिंग सिस्टम को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद