अनुपस्थित 8 अधिकारियों का रोका एक दिन का वेतन

शेयर करे

आजमगढ़। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त तथा डीआईजी अखिलेश कुमार ने शनिवार को तहसील निजामाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पूरी गंभीरता के साथ आमजन से उनकी समस्याओं को भी सुना तथा उसे समयबद्ध रूप से गुणवत्तायुक्त निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को हस्तान्तरित किया।
इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कुल 173 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किये गये, जिसमें राजस्व के 152 तथा विकास, पुलिस, विद्युत आदि विभागों से सम्बन्धित 21 मामले सम्मिलित थे। मौके पर अधिकारियों द्वारा 7 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में जो भी शिकायतें आमजन से प्राप्त होती हैं उसका इस प्रकार से निस्तारण किया जाय कि उसी प्रकरण को पुनः प्रस्तुत करने की संभावना समाप्त हो जाय। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के स्थायी एवं गुणवत्तायुक्त निराकरण के लिए गंभीरता जरूरी है, इसलिए प्रस्तुत शिकायतों के निस्तारण के प्रति पूरी गंभीरता बरती जाय। सम्पूर्ण समाधान दिवस के औचक निरीक्षण में कुल 8 अधिकारी अनुपस्थित पाये गये, जिसमें सहायक अभियन्ता जल निगम, सहायक अभियन्ता नलकूप, खण्ड विकास अधिकारी तहबरपुर, एसएचओ अहरौला, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) रानी की सराय व मुहम्मदपुर तथा सहायक विकास अधिकारी (कृषि) रानी की सराय व तहबरपुर शामिल हैं। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *