सुभासपा का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा नवनिर्मित राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के लिए अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खजुरी में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक, शैक्षणिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाना बताया गया। प्रशिक्षण में शामिल युवाओं को डंडा जैसे पारंपरिक प्रशिक्षण उपकरण प्रदान किए गए, जिसे लेकर पत्रकारों द्वारा बिना लाइसेंस हथियार वितरित करने को लेकर सवाल उठाए गए। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया कि यह किसी भी प्रकार का अवैध हथियार नहीं है, बल्कि प्रशिक्षण का हिस्सा मात्र है।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना से युवाओं को जोड़ने का मुख्य उद्देश्य उन्हें जागरूक और अनुशासित बनाना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चे इंटरमीडिएट तक पढ़ाई करने के बाद आगे की दिशा तय नहीं कर पाते और भटक जाते हैं। इस संगठन के माध्यम से युवाओं को शैक्षणिक मार्गदर्शन, शारीरिक प्रशिक्षण और मानसिक मजबूती प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। बिना लाइसेंस हथियार वितरण के सवाल पर मंत्री ने कहा कि “यह केवल सोंटा है, जिससे बच्चों का मनोबल बढ़ेगा। यदि समाज में लोग संगठित होकर खड़े होंगे तो अपराधी स्वतः भयभीत होंगे और अपराध पर अंकुश लगेगा।
मणिकर्णिका घाट के सुंदरीकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि विकास के लिए कभी-कभी तोड़फोड़ जरूरी होती है। जब तक पुराना नहीं टूटेगा, नया कैसे बनेगा। विकास कार्य चल रहा है, लेकिन विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा और राजनीति कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन अरविंद राजभर ने किया तो सेना के जवानो को प्रशिक्षण सेना से रिटायर जवानो ने प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, युवा एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *