माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अखिलेश यादव देश के सबसे बड़े मजलूम, कमजोर और लाचार नेता है। कांग्रेस और बसपा बेचारा बन के रह गई है। उक्त बाते क्षेत्र के मकदुमपुर गांव में सुभासपा के प्रदेश महासचिव मो.तारिक उर्फ मुन्नू के आवास पर रविवार देर शाम आयोजित ईद मिलन समारोह में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कही।
उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी आज अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश की सत्ता की चाभी बनी हुई है। सपा बसपा और कांग्रेस की तरफ अब प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में कोई देखना नहीं चाहता। उन्होंने मोहम्मद साहब का जिक्र करते हुए कहा कि अगर मुसलमान उनके सिद्धांतों को मान लंे तो वह सर्व समाज का रहनुमा फिर से बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 प्रतिशत मुसलमान है और उन्होंने आठ प्रतिशत आबादी वाले अखिलेश यादव को सत्ता की कुर्सी पर बैठाया आज उसी की देन है कि मुसलमान दयनीय स्थिति में पहुंच चुका है। सपा बसपा और कांग्रेस को जम कर आड़े हाथों लेते हुए ओमप्रकाश ने कहा कि आज अखिलेश यादव की स्थिति देश के सबसे कमजोर नेता की हो गई है और सपा कांग्रेस अपने कुकर्मों की वजह से देश से विलुप्त हो रही।
इस अवसर पर अभिषेक उपाध्याय, दीपक सिंह, मोहन राजभर, रहमान खान, अबू जफर, इम्तियाज अहमद आदि मौजूद रहे। संचालन पूर्व विधायक डॉ.हाफिज इरशाद तथा अध्यक्षता अबु बकर मौलवी ने किया। इनसेट—
साहब! पुलिस कर रही गांव वालों का उत्पीड़न
माहुल (आजमगढ़)। ईद मिलन समारोह में मखदुमपुर गांव आए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से माहुल चौकी की पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर शिकायत हुई। पूर्व विधायक डॉ.हाफिज इरशाद के साथ गांव के बच्चों ने शिकायत करते हुए कहा कि माहुल पुलिस गांव वालों का उत्पीड़न कर रही है। यहां तक कि बच्चे क्रिकेट वालीबॉल आदि खेलते हैं तो उन्हें पुलिस दौड़ा दौड़ा कर मारती है और खेल बंद करा देती है। कहा कि साहब पुलिस का उत्पीड़न बंद करा दीजिए। इस पर ओमप्रकाश राजभर ने गांव वालों को भरोसा दिलाया कि सुभासपा आप के साथ है डरने की जरूरत नहीं।
रिपोर्ट-श्यामसिंह