पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओएलएक्स के माध्यम से ठगी करने वाले आरोपी अमन यादव निवासी हठौता, थाना जहानागंज को थाना कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार को कोल बाजबहादुर बंधा से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। आरोपी ने आवेदक अमन निषाद को ओएलएक्स पर मोबाइल बेचने के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर फोन-पे से 3,900 रुपये ठग लिए, जिसके बाद विज्ञापन हटाकर नंबर ब्लॉक कर दिया। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3,900 की पूरी राशि होल्ड करा दी। आरोपी के खिलाफ कोतवाली, दीदारगंज, सरायमीर व मेहनगर थानों में साइबर ठगी के चार मुकदमें दर्ज हैं। उसके कब्जे से वीवो 5जी मोबाइल, चार डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, मोटरसाइकिल बरामद हुआ। एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऑनलाइन खरीदारी में क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान न करें। साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें।
रिपोर्ट-बबलू राय