पुरानी पेंशन भीख नहीं अधिकार है: सुरेश कुमार त्रिपाठी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा प्रदेशीय नेतृत्व के निर्देश पर संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल आजमगढ़ के कार्यालय पर आयोजित मंडलीय धरने को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हम शिक्षक राष्ट्र निर्माता और चाणक्य परंपरा के संवाहक हैं। सरकार हमारी अर्जित उपलब्धियां, जिन्हें हमने अपने संघर्षों और बलिदानों से अर्जित किया है, पर कुठाराघात करके हमारी न्यायोचित मांगों को हठधर्मिता छोड़कर तत्काल स्वीकार करें अन्यथा उसे यह ज्ञात होना चाहिए हम साम्राज्य मिटाना और बनाना दोनों जानते हैं।
उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना जिसे सुनिश्चित पेंशन योजना भी कहते हैं, को समाप्त कर नई पेंशन योजना, जो वास्तव में पेंशन है ही नहीं को लागू करना, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम की पदोन्नति से संबंधित धारा 12, सदस्य प्रधानाचार्य की पदोन्नति से संबंधित धारा 18 और सेवा सुरक्षा से संबंधित धारा 21 समाप्त करके सरकार ने शिक्षकों की युवा पीढ़ी के भविष्य के प्रति जो अन्याय किया है वह असह्य है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ इसको किसी भी कीमत पर स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है और इसका जोरदार विरोध खून की अंतिम बूंद तक किया जाएगा।
धरने को गोरखपुर फैजाबाद शिक्षक एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सरकारों ने अपने कृत्यों से शिक्षक समुदाय को आहत किया है। कभी हमारी विश्वसनीयता पर चोट की जाती है तो कभी हमारी अर्जित उपलब्धियां और कभी सेवाओं पर स्थित पर गंभीर कुठाराघात किया जाता है। उन्होंने कहा कि अब केवल एक रास्ता रह गया है आर-पार के संघर्ष का। उन्होंने कहा कि हम किसी भी कीमत पर शिक्षकों की नई पीढ़ी का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। धरने की अध्यक्षता मंडलीय अध्यक्ष कमलेश राय तथा संचालन मंडलीय मंत्री जय नारायण द्विवेदी ने किया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *