फूलपर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मनरा गांव निवासी रामचन्दर राय 72 वर्ष पुत्र परमा राय को सांप ने काट लिया। आनन फानन में परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान मौत हो गयी।
मनरा गांव निवासी रामचन्दर राय सोमवार को खाना खाकर बरामदे में सो गए। मंगलवार की भोर में लघुशंका करने के लिए बरामदे से बाहर निकले। जैसे ही लघुशंका के लिए दाहिनी तरफ घूमे, विषैले सांप ने पांव में डस लिया। रामचन्दर राय के शोर पर परिजन उठे तो उन्होंने सारी बात बतायी। सर्व प्रथम घर के सदस्य झाड़ फूंक के चक्कर में पड़ गए। आराम न होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फूलपुर ले गये जहां उपचार के दौरान मौत हो गयी। मृतक रामचन्दर के दो पुत्र एक पुत्री हैं, सभी की शादी हो चुकी है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय